Thursday, April 4, 2019

गोण्डा : समस्याओ के मकड़जाल से परेशान मेहनौनवासी// प्रदीप पाण्डेय,

गोण्डा : समस्याओ के मकड़जाल से परेशान मेहनौनवासी// प्रदीप पाण्डेय,

गोण्डा (प्रदीप पाण्डेय)। चुनाव की चर्चाये क्षेत्र में जोरो पर है। जनप्रतिनिधियो सहित उनके समर्थक अब गाँवो में तेजी से पहुँचने लगे है। ग्रामीण भी हाथ में आया मौक़ा नही गवाना चाहते है। और गांव में आने वाले जनप्रतिनिधियों अथवा उनके समर्थको को अपनी समस्याएं बताने से नही चूक रहे है। इटियाथोक ब्लाक अंतर्गत मेहनौन बाजार और गांव का भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहाँ के लोगो ने यहाँ की अनेक जनसमस्याओ के लिए जनप्रतिनिधियो और अधिकारियो को जिम्मेदार ठहराया है। लोगो ने कहा कि मेहनौन गांव और बाजार कई समस्याओ के मकड़जाल में फंसा हुआ है।

मेहनौन की करीब 50 फीसद जनता व्यवसाय के सहारे अपना जीवन यापन करती है। यहां बैंक न होने से लोगों को काफी समस्या हो रही है। आए दिन लोगों को बाहर बैंक जाते समय लूटपाट की आशंका बनी रहती है। और ऐसी कुछ घटनाएं भी अब तक यहाँ हो चुकी है। बैंक के सम्बन्ध में जनप्रतिनिधियों से कई बार लोगों ने इसकी शिकायत की। परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई।

बता दें कि पहले यहां यहां सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा कार्यरत थी। जिसे अब जमुनागंज में स्थापित कर दिया गया है। मेहनौन में कई दशक से लगे बिजली के तार और पोल काफी जर्जर हो चुके हैं। जो आए दिन टूटकर गिरते हैं। यहाँ पर बिजली आपूर्ति बुरी तरह बाधित होती है। दुकानदारों सहित बाजारवासियों को यहां बरसात में सबसे अधिक बिजली की समस्या उत्पन्न होती है। यहां पर लगे पुराने तारों को बदलवाने के लिए लोगों ने जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।

रामू सिंह की मानें तो यहां पर अनेक ऐसे घर हैं। जहां पर अभी भी बिजली नहीं लग पाई है। जिसके पीछे यह तकनीकी समस्या बता रहे हैं। और कहते हैं कि उनके घरो के आसपास बिजली के तार और पोल उपलब्ध नहीं हैं। यहाँ इंटर कालेज की कोई भी व्यवस्था नहीं है। इसकी मांग यहां की आम जनता कई बार कर चुकी है। परंतु इस पर भी गौर नहीं फरमाया गया। ऐसे में लोगों के बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और उनको आगे की पढ़ाई हेतु अन्यत्र जाना पड़ता है। यहां की बच्चियों को ऐसे में आठवी के बाद की पढ़ाई लिखाई के लिए बाहर और दूर जाना पड़ता है। इस वजह उन्हें और उनके अभिभावकों को काफी असुविधा होती है।

मेहनौन में कुल 35 इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हैं। इनमे से एक दर्जन इस्तेमाल के लायक बिल्कुल नहीं है। ऐसे में लोगों को पेयजल की भारी समस्या हो रही है। यहां पर कई हैण्डपम्प ऐसे भी हैं जो दूषित और रेतयुक्त जल दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर सरकारी पानी के टंकी की कोई व्यवस्था नहीं है जिस वजह से शुद्ध पेयजल नहीं प्राप्त हो पा रहा है। प्रधान ने कहा कि पानी की टंकी के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जबकि एक दर्जन इंडिया मार्का हैंडपंप ऐसे हैं जो रिबोर के लायक भी नहीं हैं।

इस बावत लिखा पढ़ी की गई है। हो सकता है इस पर ध्यान दिया जाए। मेहनौन में ग्रामसभा की आवश्यक बैठक और सरकारी कार्यों के लिए पंचायत भवन की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सरकारी स्कूल में उक्त कार्य किए जाते हैं। जिस वजह यहां पर आये दिन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्राम प्रधान ने कहा कि इसकी मांग लिखा पढ़ी करके कई बार की गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।

मेहनौन में एक अदद एएनएम सेंटर की स्थापना कई वर्षों पूर्व झाड़ियों के बीच निष्प्रयोज्य स्थान पर कर दिया गया था। सम्पूर्ण एएनएम सेंटर अब ध्वस्त हो चुका है, इसके दरवाजे और खिड़कियां टूट चुकी हैं। फर्श आदि क्षतिग्रस्त है। इसमें जानवरों का आतंक हरदम रहता है, अंदर बाहर गंदगी व्याप्त है। यहां पर स्वास्थ विभाग का कोई भी कर्मचारी नहीं बैठ पाता है। ऐसे में ग्रामीणों को एएनएम सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली कोई भी सुविधा इस भवन से नहीं मिल पा रही है।

मेहनौन में प्रसिद्ध पटमेश्वरी माता का मंदिर है। यहां पर प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार सहित नवरात्रि में दूर दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है। मंदिर के बिल्कुल बगल से होकर सरजू नहर की शाखा गई है। इसपर एक पुल निर्मित होना चाहिए। जिसे मंदिर परिसर से दूर बना दिया गया है। यह पुल दूर होने के चलते श्रद्धालुओं के उपयोग में नहीं आ पा रहा है। ऐसे में सरजू नहर में अधिक पानी होने के दौरान लोगों को एक तरफ से दूसरी तरफ आने जाने में काफी असुविधा होती है।

ग्रामीणों ने मंदिर को जाने के लिए नहर में अस्थाई तौर पर पाइप लगा दिया है। इसके ऊपर से भी पानी अक्सर बहता रहता है, जिस वजह से लोगों को काफी असुविधा होती है। लोगों ने यहां पर पुल बनवाए जाने की मांग की है।

क्या बोली महिला ग्राम प्रधान ---
इस बारे में मेहनौन की महिला ग्राम प्रधान गरिमा सिंह ने कहा की निश्चित रूप से हमारे यहाँ अनेक जनसमस्याएं मौजूद है, जिसका समाधान होना चाहिए। कहा की हमारे स्तर की जो भी समस्याएं होती है उसको हम दूर करने की भरपूर कोशिश करते है। इनकी माने तो गांव की उपरोक्त कई समस्याओ के लिए शासन प्रशाशन, ब्लाक और जिले के अधिकारियो सहित जनप्रतिनिधि जिम्मेदार है। इन्होंने बताया की इन समस्याओ के सम्बन्ध में कई बार लिखा पढ़ी की गई लेकिन कोई परिणाम नही निकला।

No comments:

Post a Comment

इटियाथोक : कस्बे में विधायक के अगुवाई में अल्पसंख्यक समाज ने कांवरियों को वितरित किया प्रसाद// रिपोर्ट : प्रदीप पाण्डेय,

गोण्डा 01 सितम्बर। इटियाथोक कस्बे में क्षेत्रीय विधायक बिनय कुमार द्विवेदी के अगुवाई में कावरियों का जोरदार स्वागत किया गया। कजरी तीज के प...